IMG-LOGO

जिला स्तरीय युवा उत्सव 29 अक्टूबर को

Posted on: 2026-10-27
IMG
जिला स्तरीय युवा उत्सव 29 अक्टूबर को

उत्तर बस्तर कांकेर   छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार कांकेर जिले में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर गुरुवार को किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से नया बस स्टैंड स्थित डोम कांकेर में आयोजित होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

युवा उत्सव के सफल आयोजन एवं संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं व्यायाम अनुदेशकों को जिम्मेदारियां सौंपा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद को व्यवस्था समिति का संयोजक तथा नवनीत पटेल और केजू राम सिन्हा को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं, उद्घोषक समिति में गुलराज शर्मा, के.एन. गजबल्ला और लोकेश साहू को दायित्व सौंपा गया है।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों के स्वागत, स्वास्थ्य एवं प्राथमिक उपचार, पेयजल, स्वच्छता, भोजन तथा ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। इन समितियों में जिला खेल अधिकारी  टी.आर. देवांगन, सहायक संचालक शिक्षा एसपी कोसरे एवं प्रकाश सेन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किशोर कुमार धु्रव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत कुमार नेताम सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभिन्न विधाओं में होगा प्रतिभागियों का चयन

जिला स्तरीय युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज तथा पारंपरिक एवं विविध वेशभूषा जैसी विधाओं से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन के लिए निर्णायकों की नियुक्ति भी की गई है। इसके साथ ही परिणाम संग्रहण एवं पंजीयन प्रपत्रों की जांच के लिए समिति गठित की गई है। युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags: